मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान और सेवा संकल्प के तहत सेवा सेतु के नगर पंचायत कोठी में शनिवार को आयोजित संयुक्त शिविर में विकासखण्ड सोहावल की लंबित कुल 5234 सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में से 4096 शिकायतों का निराकरण किया गया। इसी प्रकार सेवा सेतु शिविर के अंतर्गत सोहावल विकासखण्ड के अंतर्गत कुल 2212 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें 1412 आवेदनों का निराकरण किया गया।
नगर पंचायत कोठी के अंतर्गत रणमत सिंह स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में जन संवाद, जनसुनवाई, उद्योग संवाद की गतिविधियों के साथ आयोजित किया गया।
खास बातें
- जनसुनवाई में आवेदकों की समस्यायें सुनी गई और 4096 सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का निराकरण विभागीय अधिकारियों द्वारा किया गया।
- शिविर के पूर्व विकासखण्ड सोहावल में सभी विभागों की कुल 5234 सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें लंबित थी।
- जिनमें 4096 शिकायतों की मौके पर निराकरण के पश्चात 1138 शिकायतें शेष रही है।
नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी के मुख्यातिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, सीईओ जिला पंचायत सपना त्रिपाठी, अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम एलआर जांगडे, नगर पंचायत अध्यक्ष सुखवंती बुनकर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमान सिंह, जिला पचायत सदस्य सुभाष बुनकर, सौभाग्य केशरी, अजय द्विवेदी सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत विभाग प्रमुख अधिकारियों ने अपने विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का निराकरण किया तथा स्थानीय स्तर पर जनसुनवाई में आये लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और निराकरण किया। जन संवाद के पश्चात कलेक्टर ने विभाग प्रमुख अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण के लिए भेजकर अधीनस्थ संस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने कहा कि निरीक्षण के दौरान वस्तु स्थिति और पाई गई कमियों के बारे में संबंधित विभागीय अधिकारी अपना प्रतिवेदन सोमवार की दोपहर तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। अभियान के दौरान सभी विभागों ने उनके यहां लंबित सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का मौके पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण की कार्यवाही की। जनसुनवाई में आवेदकों की समस्यायें सुनी गई और 4096 सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का निराकरण विभागीय अधिकारियों द्वारा किया गया।
शिविर के पूर्व विकासखण्ड सोहावल में सभी विभागों की कुल 5234 सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें लंबित थी। जिनमें 4096 शिकायतों की मौके पर निराकरण के पश्चात 1138 शिकायतें शेष रही है।
सरकार की मंशा आपके द्वार पहुंचकर सेवायें उपलब्ध कराने की है-प्रतिमा बागरी
सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु के शुभारंभ और मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत नगर पंचायत कोठी में आयोजित शिविर का शुभारंभ राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और समक्ष दीप प्रज्जवलन कर लिया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि सेवा सेतु अभियान के माध्यम से पूरी सरकार आपके द्वार पर आई है। यह शिविर एक अवसर है। इसका भरपूर लाभ उठाये।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा जनता के द्वार तक पहुंचकर सेवायें पहुंचाने की है, ताकि आपके जीवन में खुशहाली आये। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सभी अतिवृष्टि और बाढ प्रभावित परिवारों को एक सप्ताह के भीतर स्वीकृत सहायता राशि का वितरण कर दिया जायेगा।
राज्यमंत्री ने कहा कि सेवा सेतु अभियान के तहत यह शिविर रविवार को नगर परिषद कोठी के कार्यालय परिसर में प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित होगा। इस शिविर में वंचित रह गये लोग कल के शिविर में अपने आवेदन दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि सभी विभागों द्वारा अपने स्टाल लगाकर प्राप्त आवेदनों की आनलाइन इन्ट्री की जा रही है। जिनका समाधान एक सप्ताह की समय-सीमा में सुनिश्चित किया जायेगा।
राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने नगर परिषद कोठी के सफाई मित्रों को स्वच्छता किट और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभांवित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया। राज्यमंत्री ने आंगन मिलन सेवा तथा सेवा संकल्प में बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर पुरूस्कृत किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में राज्यमंत्री ने प्रत्येक विभागों के प्रदर्शनी स्टाल का अवलोकन किया तथा आमजन के प्राप्त हो रहे आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। राज्यमंत्री ने शिविर स्थल पर पौधरोपण भी किया।
राज्यमंत्री ने किया कोठी अस्पताल का निरीक्षण
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह सहित संबंधित विभाग के जिला प्रमुख अधिकारियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोठी का निरीक्षण कर स्वच्छता एवं उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान राज्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं, चिकित्सकों की पद स्थापना, पैरामेडीकल स्टाफ की उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मेटरनिटी वार्ड और पोषण पुनर्वास केन्द्र का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नलिनी शुक्ला, सीबीएमओ अलका मोहले भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने हायर सेकेण्डरी विद्यालय का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत कोठी में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, सीईओ जिला पंचायत सपना त्रिपाठी और अपर कलेक्टर विकास सिंह सहित संबंधित अधिकारियों ने कोठी के ठाकुर रणमत सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर पठन-पाठन की गतिविधियों की जानकारी ली तथा कक्षा 12वीं की छात्राओं से शैक्षणिक संवाद किया।

