ग्राम लटूरी निवासी माया वर्मा ने बेहतर शिक्षा के लिए सीनियर बालिका छात्रावास क्रमांक-5, राजगढ़ में प्रवेश लिया। गांव में कक्षा 5वीं तक ही विद्यालय होने के कारण आगे की पढ़ाई के लिए माया ने छात्रावास में रहकर अध्ययन शुरू किया। छात्रावास में रहते हुए माया ने मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई की। कक्षा 9वीं से उन्होंने सांदीपनि विद्यालय, राजगढ़ में प्रवेश लिया।

छात्रावास की अधीक्षिका के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से माया ने पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया। मेहनत का परिणाम रहा कि माया ने कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में 89.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किया गया।

माया वर्मा की सफलता यह संदेश देती है कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और लगन के साथ विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं।