बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल में 22 से 26 सितम्बर 2026 तक आयोजित 13 वें राज्य स्तरीय भोपाल विज्ञान मेले में मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के स्टॉल को सरकारी क्षेत्र की श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। ट्रांसमिशन प्रणाली से संबंधित विभिन्न तकनीकी मॉडलों, आधुनिक संचार एवं निगरानी व्यवस्थाओं और जानकारीपरक प्रदर्शनों के माध्यम से एमपी ट्रांसको ने विद्युत पारेषण की आधुनिक तकनीकों और कार्यप्रणाली को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। मेले के दौरान एमपी ट्रांसको का स्टॉल विद्यार्थियों एवं आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा।

आधुनिक ट्रांसमिशन तकनीकों एवं मॉडलों का किया गया प्रदर्शन

खास बातें

  • आधुनिक ट्रांसमिशन तकनीकों एवं मॉडलों का किया गया प्रदर्शन
  • विज्ञान मेले में एमपी ट्रांसको द्वारा स्थापित स्टॉल पर विद्युत पारेषण प्रणाली की विभिन्न आधुनिक तकनीकों और उपकरणों के मॉडल प्रदर्शित किए गए।
  • 13 वें राज्य स्तरीय भोपाल विज्ञान मेले में एनटीपीसी, भारत पेट्रोलियम की मध्यप्रदेश इकाई सहित विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों ने भाग लिया।

विज्ञान मेले में एमपी ट्रांसको द्वारा स्थापित स्टॉल पर विद्युत पारेषण प्रणाली की विभिन्न आधुनिक तकनीकों और उपकरणों के मॉडल प्रदर्शित किए गए। इनमें ट्रांसमिशन लाइनों के मॉडल, गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन (जीआईएस), एयर इंसुलेटेड सबस्टेशन (एआईएस), ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क, ओपीजीडब्ल्यू संचार प्रणाली, एसएलडीसी एवं स्काडा डिस्प्ले तथा रिमोट वीडियो सर्विलांस व्यवस्था शामिल रही।

इसके साथ ही आइसोलेटर के रिमोट संचालन, फॉल्ट लोकेटर, भूमिगत केबल प्रणाली, पाइल फाउंडेशन, स्कैफोल्डिंग एवं आपातकालीन बहाली प्रणाली (ईआरएस) के मॉडल भी प्रदर्शित किए गए। चालू ट्रांसमिशन लाइनों के रखरखाव में उपयोग किए जाने वाले हॉट सूट के मॉडल ने भी आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

इन प्रदर्शनों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को विद्युत पारेषण व्यवस्था, आधुनिक तकनीकों, सुरक्षा उपायों तथा विद्युत आपूर्ति को विश्वसनीय बनाए रखने में उपयोग की जाने वाली प्रणालियों की जानकारी प्रदान की गई।

अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से मिली उपलब्धि

एमपी ट्रांसको के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (प्लानिंग एवं डिजाइन) श्री संदीप गायकवाड के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री प्रदीप राघव एवं श्री राजेश शांडिल्य के नेतृत्व में कंपनी की टीम ने स्टॉल तैयार किया। टीम ने मात्र छह घंटे में स्टॉल की तैयारी पूरी कर इसे तकनीकी मॉडलों एवं जानकारीपरक प्रदर्शनों के साथ आकर्षक स्वरूप प्रदान किया। टीम के समन्वित प्रयासों, तकनीकी दक्षता एवं समर्पण के परिणामस्वरूप एमपी ट्रांसको को सरकारी क्षेत्र की श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।

एमपी ट्रांसको की ओर से अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री प्रदीप सिंह राघव एवं श्री राजेश शांडिल्य, अधीक्षण अभियंता श्री सुधीर नेमा, कार्यपालन अभियंता श्री अतुल नाबर, श्री अवधेश चौबे एवं श्री राजेश्वर सिंह ठाकुर तथा सहायक अभियंता श्री आशीष जैन ने पुरस्कार प्राप्त किया।

एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी ने विज्ञान मेले में कंपनी के स्टॉल को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने इस उपलब्धि को टीमवर्क, तकनीकी दक्षता एवं समर्पित प्रयासों का परिणाम बताते हुए सभी सदस्यों के कार्यों की सराहना की। 13 वें राज्य स्तरीय भोपाल विज्ञान मेले में एनटीपीसी, भारत पेट्रोलियम की मध्यप्रदेश इकाई सहित विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों ने भाग लिया। मेले में एमपी ट्रांसको की सहभागिता के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को विद्युत पारेषण क्षेत्र की आधुनिक तकनीकों और नवाचारों से परिचित होने का अवसर मिला।