अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्थानीय श्रद्धालय वृद्धाश्रम में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने वृद्धजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया तथा डे केयर सेंटर, ओपन जिम, सोलर लाइट सिस्टम एवं कार्यालय केंद्रित सूचना-संवाद सेवा सहित विभिन्न सुविधाओं का लोकार्पण किया।

केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि धार के श्रद्धालय वृद्धाश्रम में किए जा रहे नवाचार सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि आदर्श स्थिति तो यही है कि वृद्धजनों को वृद्धाश्रम में रहने की आवश्यकता ही न पड़े, लेकिन बदलती सामाजिक परिस्थितियों और छोटे परिवारों के कारण ऐसी परिस्थितियां निर्मित हो रही हैं। वृद्धजन हमारे घर, परिवार और समाज की सामर्थ्य हैं।

परिवार में संस्कार, अनुभव और आपसी जुड़ाव को बनाए रखने में वृद्धजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। केंद्र सरकार द्वारा संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के माध्यम से वृद्धजनों के अधिकारों और कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। विधायक श्रीमती नीना वर्मा ने कहा कि श्रद्धालय वृद्धाश्रम का संचालन बहुत अच्छे ढंग से किया जा रहा है।

वर्तमान समय में अनेक वृद्धजन एकाकी जीवन जीने के लिए बाध्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे वृद्धजनों के लिए धार में भी बेहतर एवं स्तरीय सुविधाओं से युक्त स्थान उपलब्ध होना चाहिए, विशेषकर उन माता-पिता के लिए जिनके बच्चे विदेश अथवा अन्य स्थानों पर रहते हैं। कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने कहा कि वृद्धजन सक्रिय बने रहें और अपनी सामर्थ्य के अनुरूप कार्य करते रहें।

साथ ही अपने स्वास्थ्य एवं दैनिक जीवन का स्वयं भी ध्यान रखें। जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि वृद्धजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों और उनके साथ निरंतर संवाद एवं संपर्क बना रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायाधीश श्री प्रदीप सोनी ने कहा कि वृद्धजनों के कानूनी अधिकारों के संबंध में श्रद्धालय वृद्धाश्रम में नियमित रूप से जानकारी दी जाती है।

उन्होंने कहा कि वृद्धजनों को उनके अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना भी महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा डे केयर सेंटर, ओपन जिम, सोलर लाइट सिस्टम तथा कार्यालय केंद्रित सूचना-संवाद सेवा सहित विभिन्न सुविधाओं का लोकार्पण किया गया। इन सुविधाओं से वृद्धजनों को बेहतर वातावरण, स्वास्थ्य एवं मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही आवश्यक सूचना एवं संवाद सेवाओं का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ आँचल जाट द्वारा प्रस्तुत ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’ प्रार्थना से हुआ। इस अवसर पर सेवाभावी कर्मचारियों एवं वृद्धजनों का सम्मान किया गया। साथ ही वयोवृद्ध समाजसेवी श्री बबनदास अग्रवाल, डॉ. श्रीकांत द्विवेदी, श्री भरतलाल पाटीदार, श्री शंकरलाल वर्मा एवं श्री कामता प्रसाद निगम को सम्मान-पत्र एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। संस्था के संस्थापक डॉ. दीपेंद्र शर्मा ने श्रद्धालय वृद्धाश्रम की गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री दिनेश वर्मा ने आभार व्यक्त किया। आयोजन में बड़ी संख्या में युवा एवं वृद्धजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने वृद्धजनों के साथ भोजन भी किया।