जिले के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मल्हार स्मृति मंदिर देवास में 'युवा संगम' का आयोजन किया गया। युवा संगम में कुल 395 आवेदकों ने रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए पंजीयन कराया और विभिन्न क्षेत्रों की 24 कंपनियों ने भाग लिया तथा 224 आवेदकों को शॉर्टलिस्ट किया गया। युवा संगम के माध्यम से युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसरों की जानकारी और मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया गया।
युवा संगम में शामिल होने वाले युवाओं का जॉब पोर्टल पर पंजीयन भी कराया गया। पंजीयन के बाद रोजगार कार्यालय के काउंसलर द्वारा आवेदकों को कैरियर काउंसलिंग एवं स्वरोजगार संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। युवा संगम का आयोजन जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, रोजगार कार्यालय तथा आईटीआई देवास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
