मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत बहगढ़ में विधायक श्री जय सिंह मरावी, डीआईजी श्री विवेक सिंह, एवं कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल की उपस्थिति में उद्योग संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। संवाद के दौरान स्थानीय उद्यमियों एवं स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने शासन की विभिन्न योजनाओं से प्राप्त लाभ और अपने अनुभव साझा किए।
विधायक श्री जय सिंह मरावी ने कहा कि शासन द्वारा स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। नव उद्यमी इन योजनाओं का लाभ लेकर स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और उत्पादों को व्यवसाय से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उद्यमी श्री नवनीत सिंघानिया ने एमएसएमई प्रोत्साहन योजना का लाभ लेकर ग्राम बटुरा में राइस मिल एवं कोदो-मिलेट्स मिल के संचालन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इन इकाइयों के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं। इसी प्रकार ग्राम बहगढ़ की स्व-सहायता समूह से जुड़ी श्रीमती नीता प्रजापति सहित अन्य महिलाओं ने समूह गतिविधियों से हुए आर्थिक एवं सामाजिक बदलावों के अनुभव बताए।
कार्यक्रम के दौरान नव उद्यमियों एवं स्व-सहायता समूहों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत श्री प्रदीप परिहार को राइस मिल संचालन के लिए 25 लाख रुपये तथा कोतमा रोड, बुढार निवासी श्री वरुण आहूजा को बेकरी व्यवसाय के लिए 8 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। एनआरएलएम के माध्यम से चार स्व-सहायता समूहों को 4-4 लाख रुपये की सीसी लिमिट वितरित की गई।
संवाद कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, एसडीएम जैतपुर श्री दीपक मण्डावी, सीईओ जनपद संहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

